(रणभेरी) फिल्ममेकर अली अब्बास जफर ने अपनी अगली फिल्म की शूटिंग का औपचारिक रूप से आगाज कर दिया है। यह फिल्म फिलहाल अनटाइटल्ड है और इसे यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनाया जाएगा।
फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं अहान पांडे, जो हाल ही में फिल्म सैयारा से बॉलीवुड में कदम रख चुके हैं। इसके अलावा फिल्म में शरवरी वाघ, ऐश्वर्य ठाकरे और बॉबी देओल भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
शूटिंग की शुरुआत की जानकारी अली अब्बास जफर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की। उन्होंने लिखा, “और यह शुरू होता है।” पोस्ट में उन्होंने अहान पांडे की इंटेंस नजरों और क्लैपबोर्ड की तस्वीर शेयर की, जिसे उनके किरदार की पहली झलक माना जा रहा है। फिल्म में रोमांस और एक्शन के प्रमुख एलिमेंट्स शामिल होंगे।

यह फिल्म आदित्य चोपड़ा और अली अब्बास जफर की पांचवीं साझेदारी होगी। इससे पहले दोनों ने मेरे ब्रदर की दुल्हन, गुंडे, सुल्तान और टाइगर ज़िंदा है जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।
आईएएनएस से बातचीत में एक सूत्र ने बताया कि “सैयारा की सफलता के बाद अहान पांडे को Gen Z के प्रमुख मेल एक्टर्स में गिना जा रहा है। वहीं शरवरी वाघ ने पहले भी 100 करोड़ रुपये कमाई वाली फिल्मों का हिस्सा रही हैं।”
फिल्म की रिलीज़ डेट और बाकी कास्ट के विवरण अभी साझा नहीं किए गए हैं, लेकिन शुरुआती झलक से लग रहा है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदों के साथ उतरेगी।
