(रणभेरी): 28 मार्च को MMRDA ग्राउंड में आयोजित रैपर यो यो हनी सिंह के ‘माय स्टोरी – इंडिया चैप्टर’ कॉन्सर्ट के आयोजकों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आयोजकों ने पुलिस की मना करने के बावजूद एयरपोर्ट के नजदीक खतरनाक लेजर लाइट्स का इस्तेमाल किया।
मुंबई पुलिस ने ‘तमन्नाज वर्ल्डवाइड’ के प्रतिनिधि इंद्रजीत सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि MMRDA ग्राउंड, मुंबई एयरपोर्ट के करीब होने के कारण यहां लेजर लाइट्स के उपयोग पर पाबंदी थी। बावजूद इसके, कार्यक्रम में हाई-बीम लेजर लाइट्स का इस्तेमाल किया गया, जिससे पायलटों की विजन प्रभावित हो सकती थी और विमान सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो सकता था।

भीड़ संख्या ने बढ़ाई मुश्किलें
FIR के अनुसार आयोजकों ने पुलिस को बताया था कि कॉन्सर्ट में करीब 12,000 लोग शामिल होंगे। लेकिन वास्तव में वहां 18,000 से 20,000 लोग पहुंच गए। इस कारण सुरक्षा इंतजामों को संभालना मुश्किल हो गया और भीड़ पर नियंत्रण बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
कॉन्सर्ट के दौरान अफरातफरी के कई दृश्य सामने आए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला बंद गेट पर चढ़कर अंदर जाने की कोशिश करती दिख रही है। कई फैंस ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की भी कोशिश की।
कानूनी पहलू
इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने सितंबर 2024 में सार्वजनिक जगहों पर लेजर लाइट्स पर पूरी तरह पाबंदी लगाने से इंकार किया था। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि बिना वैज्ञानिक प्रमाण के पूरी तरह बैन नहीं लगाया जा सकता। हालांकि, अगर पुलिस को लगता है कि लाइट्स खतरनाक हैं या सुरक्षा के लिए खतरा हैं, तो वे संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं।
