19 साल बाद भारत लौट रहीं ग्लोबल पॉप सनसनी Shakira, अप्रैल में मुंबई- दिल्ली में दो मेगा शो

19 साल बाद भारत लौट रहीं ग्लोबल पॉप सनसनी Shakira, अप्रैल में मुंबई- दिल्ली में दो मेगा शो

(रणभेरी): अंतरराष्ट्रीय पॉप आइकन शकीरा भारत में लाइव परफॉर्मेंस देने जा रही हैं। आयोजकों की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, वह 10 अप्रैल को मुंबई और 15 अप्रैल को दिल्ली में स्टेज पर नजर आएंगी।

इस बार कॉन्सर्ट केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा। इसे एक सामाजिक पहल से जोड़ा गया है, जिसका उद्देश्य भूख और कुपोषण जैसे गंभीर मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम से जुड़े संगठनों ने स्पष्ट किया है कि यह पहल समुदाय आधारित अभियान के रूप में आयोजित की जा रही है।

महालक्ष्मी रेसकोर्स और जेएनयू स्टेडियम में गूंजेगी धुन

मुंबई में कार्यक्रम का आयोजन Mahalaxmi Racecourse में किया जाएगा, जबकि राजधानी दिल्ली में यह शो Jawaharlal Nehru Stadium में प्रस्तावित है। दोनों ही स्थान बड़े आयोजनों के लिए प्रसिद्ध हैं और हजारों दर्शकों की मौजूदगी की उम्मीद की जा रही है।

19 साल बाद भारत लौट रहीं ग्लोबल पॉप सनसनी Shakira, अप्रैल में मुंबई- दिल्ली में दो मेगा शो

गौरतलब है कि शकीरा ने भारत में आखिरी बार 2007 में अपने ‘Oral Fixation’ टूर के दौरान मुंबई में प्रस्तुति दी थी। लंबे अंतराल के बाद उनकी वापसी को लेकर फैंस के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।

“भारत में परफॉर्म करना मेरे लिए खास”

एक आधिकारिक बयान में शकीरा ने भारत के प्रति अपने लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के प्रशंसकों से दोबारा मिलना उनके लिए विशेष अनुभव होगा। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि यह कॉन्सर्ट बच्चों के पोषण और बेहतर भविष्य के संदेश के साथ जुड़ा है।

सुपरहिट गानों की झड़ी

‘Hips Don’t Lie’, ‘Whenever, Wherever’ और ‘Waka Waka’ जैसे चार्टबस्टर गानों से दुनियाभर में पहचान बना चुकी शकीरा अपनी ऊर्जावान स्टेज प्रेजेंस और डांस मूव्स के लिए मशहूर हैं। माना जा रहा है कि इन शो में उनके लोकप्रिय ट्रैक्स की प्रस्तुति दर्शकों के लिए खास आकर्षण होगी।

संगीत से आगे सामाजिक सरोकार

शकीरा अपने ‘Barefoot Foundation’ के जरिए शिक्षा और बच्चों के कल्याण से जुड़े अभियानों में सक्रिय रही हैं। यह पहल भूख और कुपोषण के खिलाफ काम कर रही संस्थाओं के उद्देश्यों से मेल खाती है। आयोजकों का कहना है कि यह कॉन्सर्ट संयुक्त राष्ट्र के ‘Zero Hunger 2030’ लक्ष्य में सहयोग की दिशा में एक कदम है। जहां संगीत, संदेश और सामाजिक जिम्मेदारी एक साथ मंच साझा करेंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *