नेपाली सिनेमा को बड़ा झटका: दिग्गज अभिनेता सुनील थापा का 68 वर्ष की उम्र में निधन

नेपाली सिनेमा को बड़ा झटका: दिग्गज अभिनेता सुनील थापा का 68 वर्ष की उम्र में निधन

(रणभेरी): नेपाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सुनील थापा का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। 68 वर्षीय अभिनेता को काठमांडू के थापथली इलाके में स्थित नॉर्विक अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था, जहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कार्डियक अरेस्ट के चलते उनका निधन हुआ। सुबह 7:44 बजे किए गए ईसीजी परीक्षण में उनकी मृत्यु की पुष्टि की गई।

अस्पताल के चेयरपर्सन राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सुनील थापा को बेहोशी की अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर से नेपाली फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

सुनील थापा को नेपाली सिनेमा के सबसे सशक्त और प्रभावशाली अभिनेताओं में गिना जाता था। उन्होंने अपने लंबे करियर में 300 से अधिक नेपाली फिल्मों में अभिनय किया। फिल्म चीनो में ‘रात कैला’ के रूप में निभाया गया उनका किरदार दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ और इसी भूमिका ने उन्हें नेपाली सिनेमा के चर्चित खलनायकों की पंक्ति में स्थापित किया।

नेपाली फिल्मों के साथ-साथ सुनील थापा ने हिंदी सिनेमा में भी अपनी खास पहचान बनाई। उन्होंने मैरी कॉम में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के कोच की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वह एक दूजे के लिये, गलती सिर्फ तुम्हारी और खामियाजा जैसी हिंदी फिल्मों में नजर आए। भोजपुरी सिनेमा में भी उन्होंने शेर-ए-हिंदुस्तान में अभिनय किया।

फिल्मों से पहले सुनील थापा खेल जगत से भी जुड़े रहे। उन्होंने मुंबई के विभिन्न क्लबों के लिए प्रोफेशनल फुटबॉल खेला था। अपने करियर की शुरुआत में वह ‘जेएस मैगजीन’ (जूनियर स्टेट्समैन) में फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी कार्यरत रहे। सुनील थापा एवरेस्ट फिल्म एकेडमी के चेयरपर्सन भी रह चुके थे। उनकी आखिरी स्क्रीन उपस्थिति नेपाली फिल्म ‘एकलो’ में दर्ज की गई। परिवार के अन्य सदस्य मुंबई में रहते हैं, जबकि वह काठमांडू में एक अपार्टमेंट में निवास कर रहे थे। उनके निधन से नेपाली और भारतीय सिनेमा जगत ने एक सशक्त कलाकार को खो दिया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *