AI के दुरुपयोग पर Ayesha Khan का बड़ा बयान: बोले-फेक फोटो-वीडियो से मानसिक पीड़ा, सहमति की उड़ रही धज्जियां

AI के दुरुपयोग पर Ayesha Khan का बड़ा बयान: बोले-फेक फोटो-वीडियो से मानसिक पीड़ा, सहमति की उड़ रही धज्जियां

(रणभेरी) : कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते इस्तेमाल ने जहां तकनीक को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, वहीं इसके दुरुपयोग ने कलाकारों की निजता और सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिनेत्री Ayesha Khan ने हाल ही में इस विषय पर अपनी चिंता सार्वजनिक की है।

एक मीडिया इंटरव्यू में आयशा खान ने बताया कि सोशल मीडिया पर उनके कई फोटो और वीडियो एआई की मदद से इस तरह बदले गए, जिन्हें देखकर असली और नकली में फर्क कर पाना बेहद मुश्किल हो जाता है। अभिनेत्री के अनुसार, जब उन्होंने ऐसे बदले हुए दृश्य खुद देखे तो वह मानसिक रूप से काफी विचलित हुईं।

आयशा ने कहा कि आज इंटरनेट पर महिलाओं को गलत तरीके से पेश करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, जो बेहद खतरनाक प्रवृत्ति है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी और अभिनेता विजय का एक सामान्य फोटो एआई के जरिए इस तरह बदला गया, मानो दोनों एक-दूसरे को गले लगा रहे हों, जबकि ऐसा कभी हुआ ही नहीं। अभिनेत्री के मुताबिक, आम दर्शक अक्सर यह समझ ही नहीं पाते कि ऐसे वीडियो या तस्वीरें पूरी तरह कृत्रिम होती हैं।

पैपराजी संस्कृति पर भी जताई नाराज़गी

सोशल मीडिया पर वायरल पैपराजी वीडियो को लेकर भी आयशा खान ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सहमति का मतलब लोग अब भी नहीं समझते। बिना अनुमति किसी की तस्वीर या वीडियो लेना और फिर उसे ‘oops moment’ बताकर पोस्ट कर देना गलत है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि कई फोटोग्राफर उनकी निजी सीमाओं का सम्मान करते हैं और अनुरोध करने पर सामग्री पोस्ट नहीं करते।

‘शरारत’ गाने से मिली चर्चा

कामकाज की बात करें तो आयशा खान हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ में नजर आई थीं। इस गाने में उनके साथ अभिनेत्री Krystle D’Souza भी दिखाई दीं। यह गाना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हुआ और दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच आयशा खान की यह टिप्पणी एक बार फिर डिजिटल नैतिकता, सहमति और निजता की बहस को केंद्र में ले आई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *