(रणभेरी): टीवी जगत की चर्चित अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी ने गुरुवार को अपनी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी साझा कर फैंस को सरप्राइज दिया। उन्होंने पति विवेक दहिया के साथ सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें वह बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आईं। शादी के लगभग एक दशक बाद यह कपल माता-पिता बनने जा रहा है।
दिव्यांका और विवेक ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में भावुक संदेश लिखते हुए कहा कि जीवन की कहानी में 10 साल बाद एक नया और खूबसूरत अध्याय जुड़ने जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ सफर जल्द खत्म करने के लिए नहीं होते, बल्कि उन्हें साथ मिलकर जीने और समझने की जरूरत होती है।
एक इंटरव्यू के दौरान दिव्यांका ने खुलासा किया कि उनका बेबी जून में जन्म ले सकता है। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रही थीं और अक्सर प्रेग्नेंसी टेस्ट करती थीं। जब रिपोर्ट पॉजिटिव आई, तो शुरुआत में उन्हें यकीन करने में थोड़ा वक्त लगा। वहीं विवेक ने भी खुशी जाहिर की, लेकिन उन्होंने इसे शांत तरीके से स्वीकार किया।
प्रेग्नेंसी के बाद अपने अनुभव साझा करते हुए दिव्यांका ने कहा कि उनके जीवन में शारीरिक और मानसिक दोनों तरह के बदलाव आए हैं। अब वह अपने खान-पान, एक्सरसाइज और दिनचर्या को लेकर पहले से ज्यादा सजग हो गई हैं।
दिव्यांका और विवेक की मुलाकात साल 2015 में टीवी शो ये हैं मोहब्बतें के सेट पर हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सिर्फ कामकाजी रिश्ता था, लेकिन धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं। उनकी लव स्टोरी में पंकज भाटिया ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने दोनों को एक-दूसरे के लिए उपयुक्त साथी बताया था।
कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद इस जोड़े ने 8 जुलाई 2016 को भोपाल में शादी रचाई थी। अब शादी के 10 साल बाद उनके घर खुशियों की नई दस्तक होने जा रही है।
