मंदिर में लगे 20 घंटे चुरा ले गए चोर, बीएलडब्ल्यू चौकी क्षेत्र में बढ़ती चोरियों पर उठे सवाल
वाराणसी (रणभेरी): मंडुआडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बीएलडब्ल्यू चौकी के नाथूपुर गांव में बीती रात चोरों ने एक मंदिर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि बेखौफ चोर मंदिर में लगे करीब 20 घंटे चोरी कर आराम से फरार हो गए। घटना के बाद गांव समेत आसपास के इलाकों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार बीएलडब्ल्यू चौकी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

अब तक करीब पांच स्थानों पर चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस इन पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात्रि के समय पुलिस गश्त न के बराबर होती है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि कई बार पुलिस प्रशासन को चोरी की बढ़ती घटनाओं से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्य संकलन के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। मंडुआडीह थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है। वहीं, स्थानीय लोग रात्रि गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
