ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को चेताया – ट्रांसफार्मर खराबी या तकनीकी बहाने अब नहीं चलेंगे, फील्ड में तैनात रहेगा पूरा अमला
वाराणसी (रणभेरी): होली के पावन पर्व पर इस बार बिजली कटौती का खलल नहीं पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने ‘जीरो पावर कट’ की नीति लागू करने का स्पष्ट निर्देश दिया है। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शक्ति भवन में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को दोटूक कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से वाराणसी को लेकर विभाग अलर्ट मोड पर है। काशी में होली का उत्सव घाटों से लेकर गलियों तक धूमधाम से मनाया जाता है, जहाँ देश-विदेश से पर्यटक भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सभी विद्युत उपकेंद्रों और फीडरों की विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि ट्रांसफार्मर जलने या 10 प्रतिशत तक खराबी जैसी पुरानी दलीलें अब स्वीकार नहीं होंगी। हर फाल्ट को त्वरित रूप से ठीक करने के लिए तकनीकी टीमों को क्षेत्रवार तैनात किया गया है। अधिकारियों को निर्देश है कि शिकायत मिलते ही चंद मिनटों में समाधान सुनिश्चित करें। सरकार का उद्देश्य है कि वाराणसी की सांस्कृतिक आभा से लेकर प्रदेश के दूरदराज गांवों तक हर घर रोशन रहे और नागरिक निर्बाध, सुरक्षित और उत्साहपूर्ण माहौल में होली का आनंद उठा सकें।
