(रणभेरी): मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) ने अपनी तीसरी सालगिरह बड़े धूमधाम से मनाई। इस मौके पर मुकेश अंबानी और नीता अंबानी ने मेजबानी की। सेलिब्रिटी मेहमानों की भीड़ देखने को मिली, जिसमें सलमान खान, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर जैसे नाम शामिल थे।

इस अवसर पर नीता अंबानी ने बताया कि NMACC की स्थापना का उद्देश्य भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर पेश करना और अंतरराष्ट्रीय कला को भारत तक लाना था। उन्होंने कहा कि केंद्र लगातार इसी दिशा में कार्य कर रहा है।

NMACC की शुरुआत 2023 में हुई थी और इसका उद्घाटन 31 मार्च को तीन दिन तक चले भव्य कार्यक्रम के साथ हुआ था। इस लॉन्च इवेंट में रजनीकांत, शाहरुख खान और प्रियंका चोपड़ा के साथ-साथ हॉलीवुड स्टार टॉम हॉलैंड और जैंडेया भी शामिल हुए थे। 3 अप्रैल 2023 से यह केंद्र आम जनता के लिए खुला।

केंद्र में अब तक ‘द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल: सिविलाइजेशन टू नेशन’, ‘इंडिया इन फैशन’ और ‘संगम’ जैसे बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। NMACC में परफॉर्मिंग आर्ट्स, विजुअल आर्ट्स और ट्रेडिशनल क्राफ्ट्स के लिए विशेष स्थान उपलब्ध हैं। ग्रैंड थिएटर बड़े शो और नाटकों की मेजबानी करता है, जबकि आर्ट हाउस में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की प्रदर्शनी लगती है।
‘स्वदेश’ सेक्शन में भारतीय हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जाता है। तीन साल में यहां 3,500 से अधिक कार्यक्रम हो चुके हैं और 10,500 से ज्यादा कलाकार इसमें शामिल हुए हैं।
