बलिया में 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, बगीचे में मिला खून से लथपथ शव; सिर पर चोट के निशान

बलिया में 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, बगीचे में मिला खून से लथपथ शव; सिर पर चोट के निशान

(रणभेरी); बलिया जनपद के हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पूर्व-दक्षिण दिशा में स्थित एक बगीचे में 16 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर हल्दी थानाध्यक्ष राजू राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक की पहचान बबुआपुर गांव निवासी रितेश यादव उर्फ नागा (16) के रूप में हुई। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर और सीओ बैरिया फहीम कुरैशी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए।

बरात में जाने की बात कहकर निकला था घर से
जानकारी के मुताबिक, बबुआपुर निवासी नंदजी यादव के तीन बेटों में रितेश मंझला था और वह कक्षा आठ का छात्र था। सोमवार शाम वह घर से यह कहकर निकला था कि वह बरात में जा रहा है। इसके बाद देर रात तक वह घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह गांव के बाहर बगीचे में उसका शव पड़ा मिला। घटनास्थल के पास खून से सना ईंट, एक चप्पल और दूध का बर्तन भी बरामद हुआ है। सिर में गंभीर चोट के कारण आसपास खून फैला हुआ था।

ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
बताया जा रहा है कि बगीचे से गुजर रहे कुछ लोगों ने खून से लथपथ किशोर को पड़ा देखा। उन्होंने इसकी सूचना बगीचे के मालिक को दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटना की खबर मिलते ही परिजन थाने पहुंच गए और रोते-बिलखते हुए बेटे की हत्या का आरोप लगाया। परिवार का कहना है कि रितेश की किसी ने जानबूझकर हत्या की है। इस संबंध में एएसपी कृपाशंकर ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *