(रणभेरी): बैरिया क्षेत्र के दोकटी थाना इलाके में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में बेटे ने अपने ही पिता और दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में पिता की मौत हो गई, जबकि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, भगवानपुर गांव निवासी 48 वर्षीय लालजी यादव और उनके बेटे मुकेश यादव के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर मुकेश ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में लालजी यादव के साथ उनके बेटे राकेश (20) और गोविंद (18) भी घायल हो गए।
घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने तीनों को तत्काल सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद लालजी यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
