(रणभेरी): बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मुजौना गांव में बुधवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। निजी विद्यालय के समीप एनएच-727बी पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के दौरान अचानक सरिया का ढांचा भरभराकर गिर गया। इस दुर्घटना में काम कर रहे चार मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान बिहार के रहने वाले इस्माइल (26 वर्ष), अमीर अंसारी (42 वर्ष), नूर मोहम्मद (40 वर्ष) और अब्दुल्लाह (20 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इनमें से दो मजदूरों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
उधर, उभांव थाना प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि ओवरब्रिज के पिलर निर्माण के दौरान सरिया का स्ट्रक्चर गिरने से यह दुर्घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
