पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस बोली– शिकायत मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
(रणभेरी): शहर कोतवाली क्षेत्र के हरैया मोहल्ले में गुरुवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। 35 वर्षीय रानू देवी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बयान आमने-सामने आ गए हैं, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।
शादी के 9 साल बाद मौत, मायके पक्ष ने उठाए सवाल
रानू देवी का मायका गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रोहुआं मुस्तफाबाद गांव में है। वर्ष 2016 में उनकी शादी हरैया निवासी बृजेश कुमार से हुई थी। गुरुवार को अचानक उनकी मौत की सूचना मिलते ही भाई विशाल कुमार मौके पर पहुंचे।परिजनों का आरोप है कि जब वे घर पहुंचे तो शव घर के बाहर अंधेरे में रखा हुआ था। पहले उन्हें बताया गया कि रानू खाना खाकर सोई थीं और उसी दौरान उनकी मौत हो गई। लेकिन शव देखने पर गले पर फंदे के निशान मिलने से परिवार का शक गहरा गया।
दरवाजा तोड़ने की कहानी पर भी सवाल
मायके पक्ष का कहना है कि ससुराल वालों ने बताया कि रानू ने पंखे से साड़ी के सहारे फांसी लगाई और दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर शव उतारा गया। लेकिन मौके पर दरवाजा टूटा हुआ नहीं मिला। परिजनों ने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पति का दावा– सोशल मीडिया रील बनाती थीं पत्नी
पति बृजेश कुमार का कहना है कि उनकी पत्नी पिछले चार साल से सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाती थीं। उन्होंने बताया कि पत्नी के लिए तीन मोबाइल फोन भी खरीदे थे। घटना के समय वह दुकान पर थे और लौटने पर पत्नी को पंखे से लटका पाया। नीचे उतारने तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी मायके पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
