IND vs NZ: कोहली का शतक भी बेकार, न्यूजीलैंड ने भारत में रचा वनडे इतिहास

IND vs NZ: कोहली का शतक भी बेकार, न्यूजीलैंड ने भारत में रचा वनडे इतिहास

(रणभेरी): भारतीय सरजमीं पर न्यूजीलैंड ने वनडे क्रिकेट में नया अध्याय लिख दिया। मेहमान टीम ने रविवार को होलकर स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में भारत को 41 रन से हराकर न सिर्फ मैच जीता, बल्कि भारत में अपनी पहली वनडे सीरीज भी अपने नाम कर ली। खास बात यह रही कि होलकर स्टेडियम में भारतीय टीम को पहली बार वनडे में हार का सामना करना पड़ा।

338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर सिमट गई। विराट कोहली ने एक छोर संभालते हुए 108 गेंदों में 124 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन उनका यह प्रयास टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सका।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 8 विकेट के नुकसान पर 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। शुरुआती झटकों के बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 219 रन की अहम साझेदारी कर मैच का रुख पलट दिया। मिचेल ने 137 जबकि फिलिप्स ने 106 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली।

भारतीय गेंदबाजी में क्रिस्टियन क्लार्क और जैक फॉल्क्स सबसे सफल रहे। दोनों ने 3-3 विकेट झटके, लेकिन मिचेल-फिलिप्स की साझेदारी को तोड़ने में टीम को काफी देर लग गई।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम को मजबूत शुरुआत नहीं मिल सकी। रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद कोहली ने नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा के साथ अर्धशतकीय साझेदारियां कर मुकाबले में जान डालने की कोशिश की, लेकिन रन रेट और विकेटों के दबाव में टीम अंततः लक्ष्य से पीछे रह गई।

न्यूजीलैंड की इस ऐतिहासिक जीत में डेरिल मिचेल का योगदान सबसे अहम रहा। शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें मैच के साथ-साथ सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया।

टीमें इस प्रकार रहीं

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।

न्यूजीलैंड: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिच हे (विकेटकीपर), जैक फॉल्क्स, काइल जैमिसन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैडन लेनोक्स।यह जीत न्यूजीलैंड के लिए भारत में वनडे क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *