फोन चलाने पर मां ने लगाई रोक, बेटी ने कमरे में फांसी लगाकर की आत्महत्या

फोन चलाने पर मां ने लगाई रोक, बेटी ने कमरे में फांसी लगाकर की आत्महत्या

वाराणसी (रणभेरी): शहर के सिगरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर मां की नाराजगी से आहत 19 वर्षीय युवती ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मामले की जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार, सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में हनुमान चौरसिया अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। परिवार में पत्नी, एक बेटा और 19 वर्षीय बेटी पूजा चौरसिया साथ रहती थी। परिवार के दो अन्य बच्चों की पहले ही शादी हो चुकी है और वे अलग रहते हैं।

फोन चलाने पर मां ने लगाई रोक, बेटी ने कमरे में फांसी लगाकर की आत्महत्या

मोबाइल इस्तेमाल को लेकर घर में होता था विवाद

परिजनों ने बताया कि पूजा को देर रात तक मोबाइल चलाने और लंबे समय तक फोन पर बातचीत करने की आदत थी। इसी बात को लेकर घर में कई बार विवाद हो चुका था। परिवार के लोग उसे समझाते थे कि देर रात तक मोबाइल का इस्तेमाल न करे, लेकिन वह अपनी आदत बदलने को तैयार नहीं थी।बताया गया कि बुधवार रात भी वह मोबाइल लेकर कमरे से बाहर चली गई और काफी देर तक फोन चलाती रही। मां ने टोका तो उसने सोशल मीडिया पर रील देखने की बात कही। इसके बाद गुरुवार सुबह फिर मोबाइल को लेकर मां-बेटी के बीच कहासुनी हो गई।

खुद को कमरे में किया बंद

बहस के बाद पूजा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों ने आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर घरवालों की चिंता बढ़ गई। परिजन लगातार दरवाजा पीटते रहे, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।इसी दौरान खिड़की से झांकने पर परिवार के लोगों ने देखा कि युवती पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी हुई है। यह दृश्य देखकर घर में चीख-पुकार मच गई।

फोन चलाने पर मां ने लगाई रोक, बेटी ने कमरे में फांसी लगाकर की आत्महत्या

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला शव

घटना की सूचना तुरंत सिगरा पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तुड़वाया। अंदर युवती का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए।पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। अधिकारियों ने परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली।

शादी की तैयारी कर रहा था परिवार

परिजनों के मुताबिक, पूजा की शादी की तैयारी चल रही थी। हालांकि मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल को लेकर परिवार लंबे समय से परेशान था। कई बार समझाने के बावजूद उसकी आदत में कोई बदलाव नहीं आया।परिवार ने बताया कि पूजा दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर की थी। एक भाई और एक बहन की शादी हो चुकी है। उसने पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी, जिसके बाद स्कूल छोड़ दिया था।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *