(रणभेरी): दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो के साथ दावा किया गया कि अभिनेता अपने बेटे विवान शाह के साथ छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करने जंतर-मंतर पहुंचे थे। कई पोस्ट में यह भी कहा गया कि नसीरुद्दीन शाह ने वहां कोई भाषण नहीं दिया, बल्कि चुपचाप खड़े होकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस कार्रवाई के बाद लौट रहे छात्रों को देखते रहे।
हालांकि, जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो दिल्ली के जंतर-मंतर का नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वीडियो मुंबई के कोलाबा इलाके में स्थित रीगल सिनेमा के बाहर रिकॉर्ड किया गया था। यानी वीडियो को गलत संदर्भ के साथ सोशल मीडिया पर फैलाया गया।
वीडियो की असली जगह सामने आई
रिपोर्ट के अनुसार, इस वीडियो को सबसे पहले इंस्टाग्राम यूजर राजेश गौर ने साझा किया था। वीडियो में कैमरा घूमने के दौरान आसपास का इलाका दिखाई देता है, जिससे पता चलता है कि यह मुंबई के रीगल सिनेमा के बाहर का दृश्य है। फुटेज में थिएटर के बाहर लगी फिल्मों की जानकारी भी नजर आती है। वहां ‘राजा शिवाजी’ और ‘पति पत्नी और वो 2’ जैसी फिल्मों के पोस्टर दिखाई दे रहे थे। इसी आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो किसी आंदोलन स्थल का नहीं, बल्कि एक सिनेमाघर के बाहर का है।
वायरल वीडियो में काटा गया अहम हिस्सा
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए कई वीडियो क्लिप छोटे किए गए थे। इनमें वह हिस्सा हटा दिया गया था, जिसमें नसीरुद्दीन शाह के आसपास का माहौल और थिएटर का दृश्य दिखाई दे रहा था। इसी कटे हुए वीडियो के कारण लोगों में यह भ्रम पैदा हुआ कि अभिनेता जंतर-मंतर पहुंचे थे। राजेश गौर ने यह वीडियो 15 जुलाई को पहली बार पोस्ट किया था। इसके बाद उन्होंने इसे 20 जुलाई को फिर साझा किया। बाद में सोमवार को इसे छात्र प्रदर्शन से जोड़कर कई सोशल मीडिया अकाउंट्स से शेयर किया जाने लगा।
जन्मदिन के दिन भी वायरल हुआ दावा
दिलचस्प बात यह रही कि जिस दिन यह वीडियो जंतर-मंतर प्रदर्शन से जोड़कर वायरल किया गया, उसी दिन नसीरुद्दीन शाह का 76वां जन्मदिन भी था। इस वजह से वीडियो को और ज्यादा लोगों ने साझा किया।
कई कलाकार पहुंचे थे जंतर-मंतर
छात्र आंदोलन के समर्थन में कई कलाकारों और सार्वजनिक हस्तियों ने जंतर-मंतर पहुंचकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। इनमें अभिनेत्री शबाना आजमी, अभिनेत्री स्वरा भास्कर और अभिनेता प्रकाश राज सहित कई नाम शामिल रहे।
वहीं, लंबे समय से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेताओं नेहा, अमीन और मनीष कुमार का अनशन शबाना आजमी और प्रकाश राज की मौजूदगी में समाप्त कराया गया। दोनों कलाकारों ने उन्हें पानी पिलाकर अनशन खत्म कराया।
नसीरुद्दीन शाह ने अलग मुद्दे पर जताया था समर्थन
हालांकि, नसीरुद्दीन शाह के जंतर-मंतर पहुंचने का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है, लेकिन उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से जुड़े आंदोलन पर अपनी प्रतिक्रिया जरूर दी थी। नसीरुद्दीन शाह ने अपनी पत्नी रत्ना पाठक शाह, लेखिका अरुंधति रॉय और अर्थशास्त्री जयती घोष के साथ एक संयुक्त बयान जारी किया था। इसमें उन्होंने सोनम वांगचुक से स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की थी।
बयान में उन्होंने कहा था कि किसी भी संघर्ष को लंबी लड़ाई की तरह देखना चाहिए और इसके लिए आंदोलनकारियों का स्वस्थ रहना जरूरी है। उन्होंने युवाओं के नेतृत्व और भविष्य की लड़ाई के लिए स्वास्थ्य को महत्वपूर्ण बताया था।
