वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार सुबह वाराणसी प्रवास के दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर विधि-विधान के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन और पूजन-अर्चन किया। करीब आधे घंटे तक मंदिर परिसर में रुककर उन्होंने पूजा की तथा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, व्यवस्थाओं और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी उनके साथ मौजूद रहे।
दर्शन-पूजन के बाद उपमुख्यमंत्री दुर्गाकुंड स्थित बनकटी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास और जनता की खुशहाली के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है और धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ जनसुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इससे पहले बुधवार रात उपमुख्यमंत्री वाराणसी पहुंचे थे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शहर पहुंचे और गुरुवार सुबह धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।

काशी के विकास को बताया ऐतिहासिक
मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा काशी और पूर्वांचल क्षेत्र के लिए घोषित लगभग 25 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से वाराणसी सहित आसपास के जिलों में आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार होगा और रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में काशी का व्यापक विकास हुआ है। आज शहर में आधुनिक सुविधाओं, बेहतर यातायात व्यवस्था, पर्यटन और धार्मिक आस्था का संतुलित विकास देखने को मिल रहा है। उनका कहना था कि काशी अब देश और दुनिया के सामने एक नए स्वरूप में उभरकर आई है।
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर दिया बयान
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ रही है और सच्चाई सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी को कानून और जांच एजेंसियों की प्रक्रिया पर विश्वास रखना चाहिए। साथ ही उन्होंने धार्मिक संदर्भ में यह भी कहा कि श्रद्धालुओं को हनुमान जी महाराज की कृपा और उनकी गदा पर भी आस्था बनाए रखनी चाहिए।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से जुड़े एक वायरल पोस्टर के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उपमुख्यमंत्री ने राजनीतिक प्रतिक्रिया भी दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे राजनीतिक परिवार से आते हैं, जिसके शासनकाल में अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलने की घटना हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का रवैया हमेशा भगवान राम, भगवान शिव और भगवान कृष्ण के प्रति सम्मानजनक नहीं रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के बयान और प्रचार-प्रसार से करोड़ों रामभक्तों, संत समाज और राष्ट्रभक्त लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर सभी राजनीतिक दलों को संयम और जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
वाराणसी प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मंदिर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन का लाभ मिल सके।
