यूपी बोर्ड इंटर रिजल्ट घोषित: बेटियों का दबदबा, साक्षी बनीं जिला टॉपर

यूपी बोर्ड इंटर रिजल्ट घोषित: बेटियों का दबदबा, साक्षी बनीं जिला टॉपर

वाराणसी (रणभेरी): यूपी बोर्ड का इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम 23 अप्रैल की शाम चार बजे जारी कर दिया गया। परिणाम घोषित होते ही मेधावी छात्रों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। इस बार भी छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया।

जिले में पियारी देवी इंटर कॉलेज, नेवादा बनकट की छात्रा साक्षी ने 94.40 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। वहीं श्री गांधी इंटर कॉलेज, गऊराकला चिरईगांव की वैशाली मौर्या ने 92.20 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर जेपीआईसी परमानंदपुर जंसा की रितू वर्मा रहीं, जिन्होंने 92 प्रतिशत अंक हासिल किए।

टॉप टेन सूची में भी छात्राओं का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। पियारी देवी इंटर कॉलेज नेवादा की अंजलि प्रजापति ने 91.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। बीएमआईसी बरजीपर नयपुर के अरुण वर्मा ने 91 प्रतिशत अंक हासिल कर स्थान बनाया। एमएम इंटर कॉलेज बच्छांव की आयुषि सिंह, स्वामी एसएस इंटर कॉलेज गोविंदपुर रोहनिया की करिश्मा राय और देववाणी इंटर कॉलेज छितौनी के शिवा सिंह ने 90.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

इसके अलावा गवर्नमेंट इंटर कॉलेज जख्खिनी के सावन ने 90.50 प्रतिशत, विद्या विहार इंटर कॉलेज सालारपुर की नेहा यादव ने 90.40 प्रतिशत, जनता इंटर कॉलेज कछवां की श्वेता विश्वकर्मा ने 90.20 प्रतिशत और मां भगवती कॉलेज बड़ागांव की सरजना सिंह ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप टेन में जगह बनाई।

इस वर्ष वाराणसी जिले से कुल 45,977 विद्यार्थियों ने इंटरमीडिएट परीक्षा दी थी। उल्लेखनीय है कि यूपी बोर्ड ने इस बार निर्धारित समय से दो दिन पहले ही परिणाम जारी कर दिया, जबकि पिछले वर्ष परिणाम 25 अप्रैल को घोषित हुआ था। गत वर्ष 2025 में वाराणसी का इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम 89.63 प्रतिशत रहा था, जिससे जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा था। उस समय अमेठी 92.65 प्रतिशत के साथ पहले और अमरोहा 90.55 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा था। पिछले वर्ष वाराणसी जिले में नमन गुप्ता ने टॉप किया था, जिन्होंने 500 में से 461 अंक प्राप्त किए थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *