सीएम योगी ने किया 10 लाखवें वाहन का शुभारंभ, यूपी की औद्योगिक प्रगति को बताया बड़ी उपलब्धि

सीएम योगी ने किया 10 लाखवें वाहन का शुभारंभ, यूपी की औद्योगिक प्रगति को बताया बड़ी उपलब्धि

(रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टाटा मोटर्स के लखनऊ संयंत्र ने 34 वर्षों की उल्लेखनीय यात्रा में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। यहां 10 लाखवां वाहन तैयार कर उसे लॉन्च किया गया, जो केवल एक उत्पादन आंकड़ा नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और वैश्विक सप्लाई हब बनने की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत है। उन्होंने कहा कि राज्य की यह प्रगति “रुकने वाली नहीं, बल्कि नई ऊंचाइयों को छूने वाली यात्रा” का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को कार्यक्रम में 10 लाखवें वाहन के लॉन्च के बाद अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश 25 करोड़ की जनसंख्या और लगभग 56 प्रतिशत कार्यबल के साथ देश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि अब इसका असर केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

सीएम योगी ने किया 10 लाखवें वाहन का शुभारंभ, यूपी की औद्योगिक प्रगति को बताया बड़ी उपलब्धि

योगी आदित्यनाथ ने टाटा समूह की सराहना करते हुए कहा कि इस समूह ने सुई से लेकर विमान तक भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि टाटा ब्रांड को देश में भरोसे और गुणवत्ता के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। उनके अनुसार, समूह का निवेश केवल आर्थिक भागीदारी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश को नई औद्योगिक ऊंचाइयों तक ले जाने की साझेदारी है।

मुख्यमंत्री ने पहले के दौर की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि तब राज्य में कनेक्टिविटी कमजोर थी, सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल होता था और निवेश के लिए अनुकूल माहौल नहीं था। सुरक्षा और नीतिगत स्पष्टता की कमी के कारण निवेशक हिचकिचाते थे।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 55 प्रतिशत मौजूद है, जो तेजी से बढ़ते बुनियादी ढांचे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन जल्द ही प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा और इसके बाद राज्य का योगदान देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में 60 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा।

एयर कनेक्टिविटी पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले राज्य में केवल दो एयरपोर्ट थे, जिनकी स्थिति भी बेहतर नहीं थी, जबकि आज 16 एयरपोर्ट पूरी तरह सक्रिय हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में जेवर में देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट को राष्ट्र को समर्पित किया गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *