वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र की बिरदोपुर गिरिनगर कॉलोनी में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का 6 मिनट से ज्यादा का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार कॉलोनी में रहने वाली लकी चंदानी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पीड़ित बलराम दास जब अपने घर जाने के लिए सीढ़ियां चढ़ रहे थे, तभी दूसरे फ्लोर पर रहने वाले लवीश चंदानी, काजल चंदानी और संजय चंदानी ने उन्हें पकड़ लिया और खींचकर अपने कमरे में ले गए।
वहां ले जाकर उनके साथ जमकर मारपीट की गई।
तहरीर में बताया गया है कि बलराम दास दिल के मरीज हैं, इसके बावजूद आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। इतना ही नहीं, उनका मुंह तकिए से दबाकर सीने पर भी वार किए गए। किसी तरह मौका मिलते ही बलराम दास कमरे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल हुए। पीड़िता के अनुसार घटना 9 मार्च की रात करीब 8 बजे की है, जब बलराम दास रोज की तरह सीढ़ियों से होकर अपने घर जा रहे थे। अचानक हुए इस हमले से उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि बलराम दास हिंदू धर्म गुरु माता गीताम्बा के शिष्य भी हैं और उनका कुछ लोगों से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद भी चल रहा है।
इस मामले में भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर लवीश चंदानी, काजल चंदानी और संजय चंदानी के खिलाफ बीएनएस की धारा 191 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
