प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा: अरिजीत सिंह का बड़ा फैसला

प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा: अरिजीत सिंह का बड़ा फैसला

(रणभेरी): बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी। इस घोषणा के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री में हलचल तेज हो गई है।

अरिजीत सिंह ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा,

“नमस्ते, आप सभी को नए साल की ढेरों शुभकामनाएं। इतने वर्षों में श्रोताओं से जो प्यार मिला, उसके लिए दिल से शुक्रिया। अब मैंने यह तय किया है कि आगे किसी भी फिल्म के लिए प्लेबैक सिंगिंग नहीं करूंगा। यह सफर शानदार रहा और मैं इसे यहीं विराम दे रहा हूं।” प्लेबैक सिंगिंग वह प्रक्रिया होती है जिसमें गाने की रिकॉर्डिंग स्टूडियो में की जाती है और बाद में उस आवाज पर फिल्म में कलाकार अभिनय करते हैं।

करीबी बोले– जल्दबाजी नहीं, सोच-समझकर लिया फैसला

अरिजीत सिंह के करीबी और ‘सयोनी’ गाने के कंपोजर अंजन भट्टाचार्य ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि यह निर्णय अचानक नहीं लिया गया। उनके मुताबिक, अरिजीत ने इस पर लंबे समय तक विचार किया और उन्हें लगा कि यही सही वक्त है। वे हमेशा अपने फैंस के आभारी रहेंगे और आगे भी नए रूप में उनसे जुड़े रहेंगे।

अब आगे क्या करेंगे अरिजीत सिंह?

  • प्लेबैक सिंगिंग से हटने के बाद अरिजीत सिंह का फोकस पूरी तरह अलग तरह के म्यूजिक प्रोजेक्ट्स पर रहेगा—
  • ग्लोबल कोलैबोरेशन (2027): दुनियाभर के कलाकारों के साथ काम कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मजबूत करेंगे
  • वर्ल्ड टूर: 2027 में लाइव शोज़ के साथ वर्चुअल रियलिटी कॉन्सर्ट्स
  • स्पेशल म्यूजिक प्रोजेक्ट्स: अपने गाने और एल्बम सीधे दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी
  • इंडिपेंडेंट म्यूजिक: फिल्मों से हटकर सोलो और फ्यूजन म्यूजिक पर फोकस

सेलेब्स के रिएक्शन: इंडस्ट्री में गूंजा फैसला

अरिजीत सिंह के इस फैसले पर कई नामचीन कलाकारों ने प्रतिक्रिया दी है।
सिंगर बी-प्राक ने लिखा, “जिंदगी भर का फैन।”
वहीं रैपर रफ्तार ने कमेंट किया, “सदियों में एक।”

सोना मोहापात्रा बोलीं– यह विदाई नहीं, आज़ादी है

सिंगर सोना मोहापात्रा ने इस फैसले को इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा संकेत बताया। उन्होंने लिखा कि प्लेबैक सिंगिंग से पीछे हटना किसी अंत से ज्यादा आजादी और आत्म-अभिव्यक्ति की ओर कदम है। उन्होंने कहा कि यह फैसला नए उभरते कलाकारों के लिए रास्ते खोल सकता है, जिनकी आवाजें अक्सर सिर्फ डेमो तक सीमित रह जाती हैं। सोना ने म्यूजिक इंडस्ट्री में “जीरो-रिस्क फॉर्मूले” और सिंगर्स के शोषण पर भी सवाल उठाए और कहा कि एक ही आवाज के जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल ने सिस्टम को जकड़ रखा है। उनके मुताबिक, अरिजीत का यह कदम साहसिक, उदार और व्यवस्था को झकझोर देने वाला है।

विवादों से भी रहा है नाता

अरिजीत सिंह का नाम कुछ विवादों से भी जुड़ चुका है। साल 2014 में गिल्ड अवॉर्ड्स के दौरान मंच पर सलमान खान से हुई नोकझोंक के बाद उन्हें फिल्म सुल्तान से बाहर कर दिया गया था। उस वक्त गाने “तुम ही हो” को लेकर हुए मजाक पर अरिजीत की चुप्पी और गीतकार मिथुन का समर्थन चर्चा में रहा था। मिथुन ने तब कहा था कि अरिजीत का संयम ही म्यूजिक इंडस्ट्री की असली जरूरत है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *