नेपाल सीमा के पास गिरफ्तारी, करोड़ों के अवैध कारोबार का खुलासा
वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी पुलिस ने आज कोडिन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में करोड़ों रुपये की ठगी और अवैध लेन-देन का खुलासा हुआ है। यह ऑपरेशन पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर तथा डीसीपी काशी ज़ोन के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली और विशेष जांच टीम (SIT) की संयुक्त कार्रवाई के तहत अंजाम दिया गया।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी के अनुसार, यह संगठित नेटवर्क मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के इशारे पर संचालित किया जा रहा था। आरोपी फर्जी दस्तावेजों के जरिए कोडिन युक्त कफ सिरप की अवैध खरीद और आपूर्ति में लिप्त थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश पाठक उर्फ लल्ली, विकास सिंह नरवे और अंकित कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि ये लोग जाली बिल, फर्जी जीएसटी इनवॉइस और कूटरचित कागजातों के सहारे बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप का व्यापार कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह अब तक करोड़ों रुपये का अवैध मुनाफा कमा चुका है। तीनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिनके खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट और लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया जा चुका था। सर्विलांस और साइबर सेल से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने आज 27 जनवरी 2026 को नेपाल बॉर्डर रोड, जनपद सिद्धार्थनगर से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।
