वाराणसी में आज गूंजेगी राफेल-सुखोई की गर्जना, 100 विमान दिखाएंगे हवाई करतब

वाराणसी में आज गूंजेगी राफेल-सुखोई की गर्जना, 100 विमान दिखाएंगे हवाई करतब

‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का दूसरा दिन आज, 52 लड़ाकू विमान भरेंगे हुंकार; सीएम योगी पहुंचेंगे, 11,900 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

वाराणसी (रणभेरी): धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी शनिवार को आसमान में भारतीय वायुसेना की ताकत और शौर्य की गवाह बनेगी। गंगा के ऊपर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के दूसरे दिन राफेल, सुखोई समेत 52 लड़ाकू विमान अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे।

भारतीय वायुसेना के इस भव्य आयोजन में कुल 100 विमान हिस्सा लेंगे। एयर शो की शुरुआत सुबह 11:50 बजे होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भी पहुंचने की संभावना है।

एयर शो के दौरान लड़ाकू विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए अचानक मुड़ने, तेजी से ऊपर-नीचे जाने और गोल चक्कर लगाने जैसे करतब दिखाएंगे। सुखोई-30, राफेल, जगुआर, मिराज-2000, तेजस और मिग-29 तीर की नोक जैसी आकृति में उड़ान भरेंगे। यह नजारा ऑपरेशन सिंदूर की याद दिलाएगा। वहीं, तीन एमआई-17 वी-5 हेलिकॉप्टर ‘वी’ आकार में राष्ट्रीय ध्वज और वायुसेना का ध्वज लेकर उड़ान भरेंगे। हेलिकॉप्टरों से पुष्पवर्षा भी की जाएगी।

वाराणसी में आज गूंजेगी राफेल-सुखोई की गर्जना, 100 विमान दिखाएंगे हवाई करतब

52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान और 32 हेलिकॉप्टर होंगे शामिल

एयर शो में लड़ाकू विमानों के अलावा 15 परिवहन विमान, 32 हेलिकॉप्टर और विंटेज विमान भी हिस्सा लेंगे। इन विमानों को देशभर के 12 एयरबेस और हवाई ठिकानों से उड़ान भरकर वाराणसी पहुंचना है। इनमें हिंडन, बरेली, आगरा, ग्वालियर, प्रयागराज के बमरौली, गोरखपुर और लखनऊ के बख्शी का तालाब एयरबेस शामिल हैं। वाराणसी एयरपोर्ट, गाजीपुर की अंधऊ हवाई पट्टी, बिहार के बिहटा एयरपोर्ट और वाराणसी स्थित गोरखा ट्रेनिंग सेंटर की हवाई पट्टी से भी विमान उड़ान भरेंगे। चेन्नई के पास स्थित अराकोनम नौसैनिक ठिकाना भी इस आयोजन से जुड़ा है। 22 अक्टूबर को पहले दिन के आयोजन के बाद अब 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो होना है। भारतीय वायुसेना ने इसे ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम दिया है।

नमो घाट वीवीआईपी के लिए आरक्षित, 30 घाटों से दिखेगा शो

एयर शो के दौरान नमो घाट वीवीआईपी के लिए आरक्षित रहेगा। आम लोगों के लिए काशी के 20 घाट और गंगा के उस पार के 10 घाटों से शो देखने की व्यवस्था की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एयर शो सुबह 11:50 बजे से दोपहर एक बजे तक चलेगा। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से 2 बजे तक भी हवाई प्रदर्शन होगा।

शनिवार सुबह से ही घाटों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी। सुबह नौ बजे से दर्शक नमो घाट की ओर बढ़ने लगे, जबकि सुबह आठ बजे के बाद कई रास्तों को बंद कर दिया गया। इसके चलते लोगों को पैदल ही घाट तक पहुंचना पड़ रहा है। अस्सी घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर भी पर्यटकों की भीड़ दिखाई दे रही है।

पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों का भी जायजा लेंगे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वाराणसी दौरा एयर शो में शामिल होने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा से भी जुड़ा है। मुख्यमंत्री प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, रूट डायवर्जन और वीआईपी मूवमेंट की तैयारियों का जायजा लेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आम जनता की सुविधा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सुरक्षा में 11,900 पुलिसकर्मी तैनात

एयर शो को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के मुताबिक, आयोजन की सुरक्षा के लिए 79 अस्थायी पुलिस थाने बनाए गए हैं और 11,900 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। घाटों पर डबल बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 25 वॉच टावर बनाए गए हैं। गंगा में सुरक्षाबलों की तैनाती के साथ एंटी-ड्रोन सिस्टम, एटीवी और साइबर सुरक्षा टीमों को भी अलर्ट रखा गया है।
पुलिस के अलावा पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और बम निरोधक दस्ते की टीमें भी तैनात हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, एयरपोर्ट और प्रमुख मार्गों से आने वाले दर्शकों को निर्धारित रास्तों से घाटों तक पहुंचाने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

30 अक्टूबर तक पतंग, गुब्बारे और ड्रोन पर प्रतिबंध

हवाई प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा और विमानों की उड़ान में बाधा रोकने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट क्षेत्र में पतंग उड़ाने, गुब्बारे छोड़ने, पैराग्लाइडिंग और ड्रोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह प्रतिबंध 30 अक्टूबर तक लागू रहेगा।

इसके अलावा, पक्षियों से विमानों के टकराने की आशंका कम करने के लिए नमो घाट से 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस काटने और बेचने पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और निर्धारित मार्गों से ही घाटों तक पहुंचने की अपील की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *