जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश

जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश

जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित मतदान कर्मियों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न कराने की हिदायत

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया को सुचारु, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनावी तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सदर तहसील, राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज तथा विकास खंड आराजीलाइन स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय एवं खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही वहां मौजूद मतदाताओं से बातचीत कर मतदान प्रक्रिया के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।

जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान के दौरान सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रखे जाएं, जिससे पूरी प्रक्रिया पर निगरानी बनी रहे। उन्होंने मतदान कर्मियों से निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी लेते हुए मतपेटियों को खोलने, मतदान समाप्त होने के बाद उन्हें सील करने और अन्य निर्धारित कार्यों को निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार सावधानीपूर्वक पूरा करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी और अन्य मतदान कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारी को जानकारी देकर समस्या का निस्तारण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए। यदि किसी केंद्र पर कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो इसकी सूचना बिना देरी किए संबंधित निर्वाचन अधिकारी को दी जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *