वाराणसी में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान जारी, दोपहर 12 बजे तक शिक्षक सीट पर 28.44% वोटिंग

वाराणसी में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान जारी, दोपहर 12 बजे तक शिक्षक सीट पर 28.44% वोटिंग
  • 24 प्रत्याशी स्नातक और 10 शिक्षक सीट पर आजमा रहे किस्मत
  • आठ जिलों के 3.23 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। दोनों सीटों पर कुल 34 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा।

दोपहर 12 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 28.44 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 13.31 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शुरुआती रुझानों में शिक्षक सीट पर मतदान का प्रतिशत स्नातक सीट की तुलना में दोगुने से अधिक रहा।

मतदान के शुरुआती दो घंटों में भी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं ने अपेक्षाकृत अधिक उत्साह दिखाया। सुबह 10 बजे तक शिक्षक सीट पर 10.43 प्रतिशत और स्नातक सीट पर 5.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इसके बाद दोपहर 12 बजे तक शिक्षक सीट का मतदान प्रतिशत बढ़कर 28.44 और स्नातक सीट का 13.31 प्रतिशत पहुंच गया।

वाराणसी जिले में 74,840 मतदाता, 102 बूथों पर मतदान

वाराणसी जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 74,840 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके मतदान के लिए 21 मतदान केंद्रों पर कुल 102 बूथ बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 73 मूल बूथ और आठ सहायक बूथ शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 21 बूथ निर्धारित किए गए हैं।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 66,952 मतदाता हैं। इनमें 41,451 पुरुष और 25,501 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 7,888 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 5,159 पुरुष और 2,729 महिलाएं हैं।

आठ जिलों के मतदाता कर रहे मतदान

वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव केवल वाराणसी जिले तक सीमित नहीं है। इसमें वाराणसी के साथ चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया जिले शामिल हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में आठ जिलों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

पूरे निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक सीट पर करीब 2.88 लाख और शिक्षक सीट पर लगभग 34,900 मतदाता हैं। दोनों सीटों को मिलाकर मतदाताओं की संख्या 3.23 लाख से अधिक है। पूरे क्षेत्र में स्नातक निर्वाचन के लिए 257 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 122 बूथ बनाए गए हैं।

स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा और केदारनाथ सिंह के बीच मुकाबला

वाराणसी खंड की स्नातक निर्वाचन सीट पर कुल 24 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें समाजवादी पार्टी के निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा और भाजपा के पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह प्रमुख प्रत्याशी हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस सीट पर सपा के निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव, भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र और पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह के बीच मुकाबले को प्रमुख माना जा रहा है।

मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वाराणसी पुलिस की ओर से त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। मतदान केंद्रों पर जांच के बाद और वैध पहचान पत्र दिखाने पर ही मतदाताओं को प्रवेश दिया जा रहा है।

मतदान केंद्रों के अलावा स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की सुरक्षा पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया जाएगा। वहां सीसीटीवी निगरानी और प्रवेश नियंत्रण की व्यवस्था रहेगी।

विधानसभा चुनाव से अलग है मतदान का तरीका

एमएलसी चुनाव में विधानसभा चुनाव की तरह प्रत्याशी के नाम या चुनाव चिह्न पर मुहर नहीं लगानी होती। यहां मतदाता को मतपत्र पर अपनी पहली पसंद के प्रत्याशी के सामने अंक ‘1’ लिखना होता है। इसके बाद मतदाता अपनी इच्छानुसार दूसरी, तीसरी और अन्य पसंद के प्रत्याशियों के सामने क्रमवार अंक लिख सकते हैं।

इसके लिए मतदान केंद्र पर उपलब्ध कराया गया निर्धारित बैंगनी स्केच पेन ही इस्तेमाल करना होता है। एक ही अंक को दो प्रत्याशियों के सामने लिखने या निर्धारित नियमों के विपरीत अंक दर्ज करने से मतपत्र अमान्य हो सकता है।

मतदान के लिए मतदाता पहचान पत्र साथ रखना जरूरी है। इसके उपलब्ध न होने पर आयोग की ओर से मान्य वैकल्पिक पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट या सेवा पहचान पत्र का इस्तेमाल किया जा सकता है। मतदान का अधिकार उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिनका नाम संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची में दर्ज है।

27 अक्टूबर को होगी मतगणना

मतदान शुक्रवार शाम चार बजे समाप्त होगा। इसके बाद मतपेटियों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 27 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से पहड़िया मंडी में मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद वाराणसी खंड की स्नातक और शिक्षक, दोनों एमएलसी सीटों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *