वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आगाज, गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों ने बनाया तिरंगा

वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आगाज, गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों ने बनाया तिरंगा

नमो घाट पर राफेल-सुखोई की कलाबाजी, अस्सी घाट तक दिखा नजारा; तीन दिन चलेगा एयर शो, 25 अक्टूबर को PM मोदी होंगे शामिल

वाराणसी (रणभेरी): काशी में भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर गुरुवार को ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आगाज हुआ। सुबह 11:50 बजे नमो घाट पर शुरू हुए इस एयर शो में वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने गंगा के ऊपर आसमान में तिरंगा बनाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। राफेल और सुखोई समेत अन्य लड़ाकू विमानों ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाए। एयर शो का नजारा अस्सी घाट तक दिखाई दिया। बड़ी संख्या में लोग घाटों पर पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने।

एयर शो में कुल 100 विमान हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 52 लड़ाकू विमान शामिल हैं। इसके अलावा 15 परिवहन विमान, 32 हेलिकॉप्टर और विंटेज विमान भी अपनी हवाई क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। ये विमान देशभर के 12 एयरपोर्ट से उड़ान भरकर वाराणसी पहुंचे हैं।

गंगा के ऊपर तिरंगे के रंगों से सजा आसमान

नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के तीन ‘किरण’ विमानों ने विजय के प्रतीक ‘वी’ आकार के विक फॉर्मेशन में उड़ान भरी। विमानों की कलाबाजी के बीच गंगा के ऊपर आसमान तिरंगे के तीनों रंगों से सजा नजर आया। इस दृश्य को देखकर दर्शकों ने उत्साह जताया और अपने मोबाइल फोन में विमानों के करतब को कैद किया।

एयर शो के दौरान राफेल, सुखोई-30, जगुआर, मिराज-2000, तेजस और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमानों के तीर की नोक के आकार में उड़ान भरने का कार्यक्रम है। वहीं, तीन एमआई-17 वी-5 हेलिकॉप्टर ‘वी’ आकार में राष्ट्रीय ध्वज और वायुसेना का ध्वज लेकर उड़ान भरेंगे। हेलिकॉप्टरों से पुष्पवर्षा भी की जाएगी। विमानों की सामूहिक उड़ान में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी संरचना का नजारा देखने को मिलेगा।

वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आगाज, गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों ने बनाया तिरंगा

अस्सी घाट पर भी जुटे दर्शक, विदेशी पर्यटक भी पहुंचे

एयर शो को देखने के लिए अस्सी घाट पर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इनमें विदेशी नागरिक और पर्यटक भी शामिल रहे। गंगा के ऊपर से गुजरते विमानों की गर्जना और उनकी कलाबाजी ने लोगों का ध्यान खींचा। दर्शक लगातार विमानों की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।

लहरतारा निवासी भावना रावत ने कहा कि वह एयर शो देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने बताया, “बनारस में इससे पहले कभी ऐसा एयर शो नहीं हुआ है। मुझे एयरफोर्स हमेशा से बहुत पसंद है। पहली बार इसे लाइव देखना मेरे लिए बेहद खास अनुभव है।”

युवाओं को सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए करेंगे प्रेरित

एयर शो में हिस्सा ले रहीं स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह ने कहा कि टीम अपने प्रदर्शन के जरिए युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना चाहती है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम एशिया की एकमात्र पांच हेलिकॉप्टरों वाली डिस्प्ले टीम है। टीम हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा निर्मित स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (एएलएच) के जरिए हवाई प्रदर्शन करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम का प्रदर्शन युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों को करियर के विकल्प के रूप में चुनने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *