दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे सीएम योगी, अरविंद टेक्सटाइल फैक्ट्री का किया निरीक्षण

दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे सीएम योगी, अरविंद टेक्सटाइल फैक्ट्री का किया निरीक्षण

वाराणसी (रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह भी उनके काफिले के पीछे दौड़ते नजर आए। वहीं, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक और स्नातक महासम्मेलन में शिक्षकों और स्नातकों की जगह स्कूली बच्चों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।

वाराणसी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुजरात की कंपनी अरविंद टेक्सटाइल की फैक्ट्री पहुंचे। यहां उन्होंने फैक्ट्री के अंदर जाकर निरीक्षण किया। कारोबारी समूह अरविंद टेक्सटाइल ने वाराणसी में अपनी इस इकाई को स्थापित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने प्रस्तावित वाराणसी दौरे के दौरान इस टेक्सटाइल प्लांट का उद्घाटन करेंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह निरीक्षण तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शिक्षक और स्नातक महासम्मेलन में हुए शामिल

फैक्ट्री के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक और स्नातक महासम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे। मंच पर मुख्यमंत्री के साथ वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे। कार्यक्रम शुरू हो गया, हालांकि इस दौरान स्नातक प्रत्याशी केदारनाथ सिंह मंच पर नजर नहीं आए।

दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे सीएम योगी, अरविंद टेक्सटाइल फैक्ट्री का किया निरीक्षण

इस महासम्मेलन में वाराणसी खंड के आठ जिलों से शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के शामिल होने का कार्यक्रम है। सम्मेलन का आयोजन विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में किया जा रहा है।

वाराणसी खंड के शिक्षक और स्नातक एमएलसी पदों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। चुनाव में वाराणसी और मिर्जापुर मंडल के जिलों के साथ बलिया भी शामिल है। ऐसे में मतदान से पहले मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महासम्मेलन के जरिए पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्रा ने कही ये बात

शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्रा ने शिक्षकों के बीच अपने लंबे जुड़ाव और उनकी समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “1987 से मैं सेवा में हूं और तब से लेकर आज तक अनवरत शिक्षकों के कार्यों में संलग्न रहा। जब भी चुनाव हारा, उसके अगले दिन से शिक्षकों के सुख-दुख में सम्मिलित होना और उनकी समस्याओं को दूर करना मेरा कर्तव्य बन गया।”

डॉ. प्रमोद मिश्रा ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने शिक्षकों के लिए ऐसे काम किए, जिनसे उनके रहन-सहन में बड़ा परिवर्तन आया। उन्होंने कहा, “अगर फिफ्थ पे कमिशन की रिपोर्ट लागू न की गई होती, तो आज हम इस सुखद स्थिति में न होते।”

कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे सीएम

महासम्मेलन के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इस बैठक में वाराणसी की कानून-व्यवस्था, शहर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और एयर शो की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था और विकास परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेंगे। एयर शो के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों पर भी चर्चा होगी।

बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन

अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। मंदिरों में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री शहर में चल रहे विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी अधिकारियों से लेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। उनके कार्यक्रमों को देखते हुए अधिकारियों की सक्रियता बढ़ी हुई है। इस दौरे में धार्मिक कार्यक्रमों, विकास परियोजनाओं की समीक्षा और आगामी राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *